होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन ग्राउंड, होशियारपुर में जिला स्तरीय योग दिवस समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो आज शारीरिक, मानसिक और आत्मिक शुद्धि का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग एक अचूक उपाय है, जो व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखता है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार "सी.एम. दी योगशाला" के माध्यम से पूरे प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य के प्रमुख शहरों से लेकर ब्लॉक स्तर तक योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जहां हजारों लोग नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने इसे पंजाब को फिट एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में 1500 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं अनुशासन के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर योग विशेषज्ञ डॉ. रुपिंदरप्रीत सिंह, डॉ. गगन, डॉ. ऋतु, डॉ. शुभम तथा अमृत ने विभिन्न योगासनों, उनके लाभों और अभ्यास की विधियों की जानकारी दी। वहीं सोनालिका डिवाइन संस्था के नुतिंदर द्वारा लाफ्टर योग एवं डांस योग का आयोजन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।
समारोह में सहायक कमिश्नर (सामान्य) डॉ. सुमित मुध, एसडीएम परमप्रीत सिंह, एसपी मनप्रीत शींहमार, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुरिंदर पाल कौर, आयुर्वेदिक विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. हरीश भाटिया, डॉ. करुणा शर्मा, सहायक निदेशक युवक सेवा प्रीत कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।।