शिमला (Narendra Singh Danu) : हिमाचल प्रदेश में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन (सीटू) ने लंबित मांगों को लेकर सोमवार, 22 जून को प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन ने शिमला में सचिवालय तक मार्च निकालकर सरकार को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की है।
यूनियन के राज्य प्रभारी जगत राम ने बताया कि प्रदेशभर की मिड डे मील वर्कर्स सुबह 11 बजे टालैंड क्षेत्र में एकत्र होंगी। इसके बाद साढ़े 11 बजे से सचिवालय की ओर जुलूस निकाला जाएगा, जहां प्रदर्शन कर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संगठन ने आरोप लगाया है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और सरकार स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। यूनियन का कहना है कि पिछले 17 वर्षों से मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे कार्यकर्ताओं को गंभीर आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
यूनियन ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद 12 महीने का वेतन लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा कई बार वेतन भुगतान में देरी और किस्तों में भुगतान की स्थिति बनी रहती है।
संगठन ने आरोप लगाया कि स्कूलों में छात्र संख्या कम होने की स्थिति में नौकरी को लेकर अनिश्चितता पैदा हो जाती है, जबकि चुनावी ड्यूटी में अतिरिक्त कार्य का कोई अलग भुगतान नहीं मिलता।
मिड डे मील वर्कर्स ने मांग की है कि हरियाणा की तर्ज पर मानदेय 7,000 रुपये किया जाए, नियमित वार्षिक अवकाश दिया जाए, वेतन समय पर एकमुश्त जारी हो, सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी व पेंशन की सुविधा मिले तथा योजना का दायरा प्लस-टू स्तर तक बढ़ाया जाए।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।