चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सहभागिता की और नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की दिशा देता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” है, जो यह संदेश देती है कि योग हर आयु वर्ग के लिए लाभकारी है और जीवन के प्रत्येक चरण में ऊर्जा, संतुलन और मानसिक शांति प्रदान करता है।
गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ मानसिक स्थिरता भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि एक वैश्विक जीवनशैली बन चुका है।
उन्होंने कहा कि योग हमें यह समझाता है कि उम्र केवल एक संख्या है और व्यक्ति को हमेशा सक्रिय और सकारात्मक रहना चाहिए। योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्षम और संतुलित समाज का निर्माण संभव है।
राज्यपाल ने नागरिकों से अपील की कि योग को अपनी दिनचर्या का स्थायी हिस्सा बनाएं, जिससे न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होगा बल्कि समाज में भी सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।