एलनाज नौरोजी ने गुरुग्राम से योग अपनाने की लोगों से की अपील

गुरुग्राम (Narendra Singh Danu) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वर्ल्ड म्यूजिक डे के अवसर पर शनिवार को सेक्टर-84 स्थित ऐलान मिरेकल मॉल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फिल्म अभिनेत्री एलनाज़ नौरोजी ने आमजन के साथ योगाभ्यास कर फिटनेस और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उन्होंने सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया और उपस्थित लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

एलनाज़ नौरोजी ने कहा कि योग और संगीत दोनों ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि दोनों ही विधाएं मन को शांति देती हैं और व्यक्ति को स्वयं से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आम लोगों से योग और संगीत को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि एक कलाकार के रूप में उनका जीवन लगातार यात्रा और व्यस्तताओं से भरा रहता है, ऐसे में योग उन्हें मानसिक संतुलन और स्थिरता बनाए रखने में मदद करता है, जबकि संगीत भावनाओं को अभिव्यक्त करने का माध्यम बनता है।

अभिनेत्री ने कहा कि योग और संगीत दोनों में ही लोगों को जोड़ने, उन्हें प्रेरित करने और मानसिक रूप से सशक्त बनाने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हर व्यक्ति को जीवन में ऐसी कोई न कोई गतिविधि अवश्य अपनानी चाहिए, जो उसे खुशी और आंतरिक शांति प्रदान करे।

गौरतलब है कि एलनाज़ नौरोजी नेटफ्लिक्स सीरीज सेक्रेड गेम्स में ‘जोया मिर्जा’ के किरदार से काफी लोकप्रिय हुई थीं।