योग दिवस पर गुवाहाटी में विशेष कार्यक्रम, सीएम और सीतारमण ने किया योगाभ्यास

गुवाहाटी (Narendra Singh Danu) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को असम में भी विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग सत्रों का आयोजन किया गया। गुवाहाटी सहित राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

गुवाहाटी के उज़ान बाज़ार स्थित ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी योगाभ्यास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरा वातावरण योगमय नजर आया।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने इस अवसर पर कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बन गया है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर एक स्वस्थ, मजबूत और सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान दें।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी संदेश साझा करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से योग अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य और सद्भाव का संदेश दिया, जबकि आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।