गुरुग्राम (Narendra Singh Danu) : Gurugram में रोड रेज का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गाड़ी को साइड न देने को लेकर हुई मामूली कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दो युवकों ने एक व्यक्ति की कार में तोड़फोड़ की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार को उस समय हुई जब पीड़ित सोहना रोड से राजीव चौक की ओर जा रहा था। रास्ते में एक स्कॉर्पियो सवार दो युवक लापरवाही और जिगजैग तरीके से गाड़ी चला रहे थे। टक्कर से बचने के बाद आरोपियों ने पीड़ित की कार को रोककर गाली-गलौच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किसी तरह वहां से निकल गया, लेकिन राजीव चौक के पास आरोपियों ने दोबारा उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान उन्होंने डंडे से कार के शीशे तोड़ दिए। हमले में पीड़ित के कंधे पर चोट लगी, जबकि टूटे कांच के टुकड़े उसके चेहरे पर भी लगे। आरोपियों ने मौके पर जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सदर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान पार्थ और पारस (उम्र 22 वर्ष) निवासी सेक्टर-48 फाजिलपुर के रूप में की है। पूछताछ में सामने आया कि साइड न देने को लेकर हुए विवाद के बाद ही उन्होंने यह वारदात की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है और आगे की जांच जारी है।