देहरादून (Narendra Singh Danu) : Uttarakhand सरकार ने Hemkund Sahib यात्रा के दौरान सामने आए विवादित प्रकरण पर कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने साफ कहा है कि इस मामले को धार्मिक या सांप्रदायिक रंग देना पूरी तरह अनुचित है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गृह सचिव शैलेश बगोली ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी विवाद और भावनात्मक आवेश से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हमेशा से शांति, सद्भाव और सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान की रही है, जिसे किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आईजी गढ़वाल को जांच सौंपी गई है, जबकि एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों को सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर भी सरकार सतर्क है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भ्रामक जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिकायत निवारण तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है। चारधाम सेल को अब हेमकुंड साहिब यात्रा से जोड़ा जाएगा, जो यात्रा अवधि के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
सरकार ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासनिक व्यवस्था का सहारा लेने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।