पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, उत्तराखंड पुलिस बनी मिसाल

देहरादून (Narendra Singh Dnau) : उत्तराखंड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केंद्र सरकार के प्रतिष्ठित ‘इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस’ से सम्मानित किया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के अनुसार, यह पुरस्कार देशभर में पासपोर्ट सत्यापन कार्यों के प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उपलब्धि को पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों में सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के चलते उत्तराखंड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सम्मान हासिल किया है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने इसे जनसेवा के क्षेत्र में राज्य के प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता बताया और विश्वास जताया कि उत्तराखंड पुलिस भविष्य में भी ऐसे उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी।