मेयर मेहता ने Bathinda की ग्रीन सिटी रोड पर स्ट्रीट लाइट परियोजना शुरू की

बठिंडा (सोनू टुटेजा) : वार्ड नंबर 4 में स्थित ग्रीन सिटी रोड पर लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित नई स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ मेयर श्री पदमजीत सिंह मेहता ने स्विच ऑन करके किया। इस अवसर पर पार्षद श्री उमेश गर्ग ‘गोगी’, एक्सईएन नगर निगम श्री नीरज कुमार सहित अनेक गणमान्य सज्जन उपस्थित थे।

इस दौरान महापौर श्री पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता है। ग्रीन सिटी रोड पर नई स्ट्रीट लाइटें लगने से क्षेत्र में रात्रि के समय आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा।

मेयर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और जनता की आवश्यकताओं के अनुसार नई योजनाएं भी तैयार की जा रही हैं। उन्होंने शहर निवासियों से शहर की सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री उमेश गर्ग ‘गोगी’ ने मेयर श्री मेहता का धन्यवाद करते हुए कहा कि लंबे समय से इलाका निवासियों द्वारा बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। नई स्ट्रीट लाइटों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।