जयपुर (Narendra Singh Danu): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पीएम ई-बस सेवा के तहत 29 इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भीलवाड़ा में 18 ई-बसों का शुभारंभ किया गया।
यह पूरी पहल प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत की गई है, जिसका उद्देश्य शहरी परिवहन को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।
कुल 1150 ई-बसों की योजना
राज्य में इस योजना के तहत जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर को शामिल किया गया है। केंद्र सरकार ने राजस्थान के लिए कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की हैं, जिनमें पहले चरण में 675 बसों का संचालन दीपावली तक शुरू करने का लक्ष्य है।
महिलाओं और पर्यावरण पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बसें दिव्यांगों, महिलाओं, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का माध्यम बनेंगी। सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार 555 शहरी ई-बसों के साथ 50 डबल डेकर ई-बसें पर्यटन के लिए भी शुरू करने की योजना पर काम कर रही है।
पर्यावरणीय पहल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक राज्य में लगभग 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं बस में सफर कर उसकी सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।