बिजली कर्मचारी बनकर आए बदमाशों ने महिला को बनाया बंधक, सिरसा में हड़कंप

सिरसा (Narendra Singh Dnau) : हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली उपमंडल में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने एक महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये नकद और आभूषण लूट लिए।

सूचना मिलने पर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जो पंजाब नंबर की बताई जा रही है।

पीड़िता मनजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार शाम वह घर में अकेली थीं, तभी दो युवक “बिजली या इन्वर्टर ठीक करने” के बहाने घर में घुस आए। इसके बाद उन्होंने महिला के साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया और बाद में दो अन्य साथियों को भी बुला लिया।

महिला के अनुसार, बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर अलमारी से करीब 3.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। यह राशि उन्हें पति की मृत्यु के बाद Deen Dayal Upadhyaya Antyodaya Yojana के तहत मिली थी, जिसे हाल ही में बैंक से निकालकर घर में रखा गया था।

किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर आने के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना में घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और बरामद मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।