जम्मू/चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : संगठित अपराध और नारको-टेररिज्म सिंडिकेट के खिलाफ जम्मू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अमृतसर में छापेमारी कर तीन आरोपियों—सूरजदीप सिंह उर्फ सूरज, हरप्रीत सिंह और जसप्रीत-को गिरफ्तार किया है। इन पर जम्मू के कई थानों में पहले से एफआईआर दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी जम्मू जिले में करीब 80 फीसदी नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए जिम्मेदार थे। यह कार्रवाई एक हाई-लेवल ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें जम्मू पुलिस और पंजाब पुलिस ने संयुक्त रूप से काम किया।
जांच में सामने आया है कि ये तीनों कुख्यात नेटवर्क संचालक लाऊ गुज्जर के ‘बैकवर्ड लिंक’ थे। इससे पहले इस नेटवर्क से जुड़े लतीफ, बच्चू, मजीदा और मुश्ताक की गिरफ्तारी के बाद इनके नाम सामने आए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में करीब 20 ‘फॉरवर्ड लिंक’ को ड्रग्स सप्लाई करते थे। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हथियार, नशीले पदार्थ और नकदी बरामद की गई।
बरामदगी में शामिल:
एक AK-47 राइफल और 40 जिंदा कारतूस
एक स्टार पिस्तौल और 29 कारतूस
12 बोर के 4 जिंदा कारतूस
लगभग 1.020 किलोग्राम नशीला पदार्थ
11 लाख रुपये नकद
इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, पैकिंग सामग्री
तीन मोबाइल फोन
लग्ज़री गाड़ियां: महिंद्रा थार, अमेज और स्विफ्ट
पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।