नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली सरकार राजधानी में 18 से 20 जून तक 42 स्थानों पर बड़े स्तर पर जन कल्याण शिविर आयोजित करने जा रही है। इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य “सरकार को जनता के द्वार तक पहुंचाना” और नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिकतम मामलों का निपटारा शिविर स्थल पर ही किया जाए।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेंगे शिविर
अधिकांश शिविर स्कूल परिसरों में लगाए जाएंगे, जहां बैठने, सहायता और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। ये शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
शिविरों में राशन कार्ड, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाता, पिंक कार्ड, स्टार्टअप और एमएसएमई ऋण, सहित कई सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना
जैसी योजनाओं के तहत पंजीकरण और लाभ की सुविधा भी दी जाएगी।
महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास व्यवस्था
महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए भी विशेष सुविधाएं रहेंगी।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
लाड़ली योजना
के साथ पेंशन योजनाओं का नवीनीकरण और आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
युवाओं और पर्यावरण पर भी फोकस
सरकार ‘हौसलों की उड़ान’ और टैलेंट हंट जैसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को मंच देगी, वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर इन सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की दिशा में बड़ा कदम है।