चंडीगढ़ (Narendra Singh Dnau) : Punjab Police ने फिरोजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान 5.775 किलोग्राम हेरोइन, 1.33 लाख प्रतिबंधित कैप्सूल-गोलियां, 39 जिंदा कारतूस और 36,600 रुपये नकद बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिदेशक Gaurav Yadav ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजिंदर सिंह, जगजीत सिंह और गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों की स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
पहले ऑपरेशन में, विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दाना मंडी क्षेत्र में स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली, जहां से 5.775 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ममदोट स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर तीसरे आरोपी गुरदेव सिंह को गिरफ्तार किया। दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां, नकदी और केएफ 7.65 कैलिबर के 39 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एसएसपी Bhupinder Singh Sidhu ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और और बड़ी बरामदगी की संभावना है।