चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : Chandigarh में कैब सेवा देने वाली Ola Cabs पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए उसका एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, Ola Cabs से जुड़े सभी कैब और बाइक टैक्सी संचालकों को प्लेटफॉर्म के तहत सेवाएं देने से रोक दिया गया है। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे ओला ऐप के जरिए किसी भी तरह की सवारी बुकिंग स्वीकार न करें।
निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियम तोड़ने पर वाहनों का चालान किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें जब्त भी किया जा सकता है।
साथ ही आम लोगों को भी सलाह दी गई है कि वे किसी असुविधा से बचने के लिए ओला ऐप के जरिए कैब बुक न करें। प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक, पंजीकृत कैब सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है।
इस फैसले के बाद शहर में कैब सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है, खासकर उन यात्रियों पर जो रोजमर्रा के आवागमन के लिए ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं पर निर्भर रहते हैं।