समाजसेवी डॉ. एस.पी. सिंह ओबराय की अगुवाई में सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट ने जरूरतमंद परिवार की दीर्घकालीन आर्थिक सहायता का निर्णय लिया है। परिवार का बेटा जन्म से 100 प्रतिशत दिव्यांग है और बिस्तर पर है, जबकि उसकी मां भी लकवे से पीड़ित है। किराए के मकान में रह रहा परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। ट्रस्ट ने सहायता राशि के चेक सौंपे।

श्री मुक्तसर साहिब: समाजसेवी डॉ. एस.पी. सिंह ओबराय की ओर से मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की कड़ी में सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट ने श्री मुक्तसर साहिब के एक जरूरतमंद परिवार की लंबे समय तक आर्थिक सहायता करने का निर्णय लिया है। परिवार का बेटा जन्म से ही 100 प्रतिशत दिव्यांग है और अब तक बिस्तर पर ही जीवन व्यतीत कर रहा है, जबकि उसकी मां भी लकवे की बीमारी से पीड़ित है। परिवार किराए के मकान में रह रहा है और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।

ट्रस्ट के जिला प्रधान अरविंदर पाल सिंह चहल बूड़ा गुज्जर ने बताया कि जब स्थानीय टीम ने परिवार की स्थिति की जानकारी डॉ. ओबराय को दी, तो उन्होंने तुरंत दिव्यांग युवक के लिए दीर्घकालीन सहायता और उसकी मां के इलाज तक वित्तीय मदद देने की घोषणा की।

इसके बाद वरिष्ठ उपप्रधान जसपाल सिंह, सेवानिवृत्त लेक्चरर, और उपप्रधान मलकीत सिंह, सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर, ने परिवार के घर जाकर सहायता राशि के चेक सौंपे। मदद मिलने पर परिवार भावुक हो गया और डॉ. ओबराय का आभार जताते हुए कहा कि कठिन समय में जब अपने भी साथ छोड़ गए, तब वे उनके लिए मसीहा बनकर सामने आए।