नई दिल्ली (Naren Danu) : स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर स्विस राष्ट्रपति को त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए राष्ट्रपति पारमेलिन के साथ स्विट्जरलैंड का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें औपचारिक स्टैटिक गार्ड सम्मान प्रदान किया गया।
भारत पहुंचने पर पारमेलिन ने अपनी यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे द्विपक्षीय सहयोग को नई गति मिलेगी। उनका यह दौरा भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (ईएफटीए) के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते की पहली वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है।
यात्रा के दौरान भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार और निवेश के साथ-साथ विज्ञान, नवाचार और तकनीकी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के नेता क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर के महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
स्विस राष्ट्रपति मंगलवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का दौरा भी करेंगे। एयरपोर्ट के निर्माण और विकास में स्विट्जरलैंड की कंपनियों और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके इस दौरे को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बुनियादी ढांचे तथा आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति पारमेलिन का औपचारिक स्वागत दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों और लंबे समय से कायम मित्रतापूर्ण रिश्तों का प्रतीक है।