अमृतसर (आर. के. उप्पल) : फिरोजपुर मंडल में अनधिकृत और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सितंबर 2026 के दौरान ट्रेनों में की गई टिकट जांच में 22,855 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पाए गए। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया गया।
मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी नियमित जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करना और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करना है।
सितंबर माह में स्टेशन परिसर में कूड़ा फैलाने के मामले में 202 यात्रियों को एंटी-लिटरिंग एक्ट के तहत जुर्माना किया गया। इनसे 81 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई।
ईमानदार यात्रियों की सुविधा प्राथमिकता : डीआरएम
फिरोजपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिकृत टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है। नियमित जांच से बिना टिकट अथवा अनधिकृत तरीके से यात्रा करने वालों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ सही यात्रियों को होने वाली असुविधा को भी कम किया जा रहा है।