पटियाला (सुशील सिंधी) : नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पटियाला पुलिस ने रविवार को जिले के 25 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बड़े स्तर पर *कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO)* चलाया। अभियान की अगुवाई डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप चहल और एसएसपी पटियाला हरमंदीप सिंह हंस ने की।
डीआईजी कुलदीप चहल ने बताया कि पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के दिशा-निर्देशों के तहत नशा तस्करी तथा समाज विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों की जांच की।
एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस के अनुसार अभियान के दौरान *25 एफआईआर दर्ज कर 34 लोगों को गिरफ्तार* किया गया। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में *36 ग्राम हेरोइन, 180 नशीली गोलियां और 3 किलोग्राम गांजा* बरामद किया।
एसएसपी ने कहा कि जिले में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसे सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।