पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला पुलिस ने ऑपरेशन हंटडाउन के तहत रामगढ़ क्षेत्र से चोरी हुई महिंद्रा स्कॉर्पियो के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार और अंकित कुमार को मोहाली से गिरफ्तार किया गया, जबकि चोरी की गाड़ी खरीदकर काटने और उसके पार्ट्स बेचने के आरोप में एटा, उत्तर प्रदेश निवासी नीरज तिवारी को काबू किया गया।
मामला 31 अगस्त की रात रामगढ़ गांव से स्कॉर्पियो चोरी होने से जुड़ा है। शिकायत के बाद थाना चंडीमंदिर में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। 29 सितंबर को क्राइम ब्रांच-3 ने अनिल और अंकित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में नीरज तिवारी का नाम सामने आया, जिसे 3 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के अनुसार, आरोपी अनिल वर्ष 2015 से चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश में वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ करीब 20 मामले दर्ज हैं।
तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस अब चोरी के वाहनों को खपाने वाले नेटवर्क, अन्य आरोपियों और संभावित ठिकानों की जांच कर रही है।