अमृतसर (आर. के. उप्पल) : श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से राज्यभर में आयोजित किए जा रहे विशेष ड्रोन शो की कड़ी में अमृतसर जिले का पहला ड्रोन शो 5 अक्टूबर को बाबा बकाला में होगा।
डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम शाम 5 बजे आईटीआई बाबा बकाला में आयोजित किया जाएगा। ड्रोन शो से पहले रागियों द्वारा श्री गुरु रविदास जी की वाणी का गायन किया जाएगा, जिससे वातावरण आध्यात्मिक एवं श्रद्धामय बनेगा।
उन्होंने बताया कि सैकड़ों ड्रोन के माध्यम से आकाश में रोशनी और आधुनिक तकनीक का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं, सामाजिक समानता, मानवता, भाईचारे और सर्वजन कल्याण के संदेश को दर्शाया जाएगा।
युवाओं तक पहुंचेगा समानता और भाईचारे का संदेश
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि ड्रोन शो के माध्यम से गुरु रविदास जी के महान विचारों को आधुनिक तकनीक के जरिए विशेष रूप से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं। उन्होंने लोगो से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सफल बनाने की अपील की।