अमृतसर (आर. के. उप्पल) : कमिश्नर पुलिस अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस के निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष CASO (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया गया। इस दौरान संवेदनशील एवं संदिग्ध क्षेत्रों में नाकाबंदी कर घेराबंदी की गई और आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने के साथ उनसे पूछताछ भी की। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों से संबंधित जानकारी भी जुटाई।
स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने इलाके के गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। लोगों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समय पर मिली सही सूचना अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि विशेष चेकिंग और CASO अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नशे, गैर-कानूनी गतिविधियों और अन्य अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके तथा शहर में सुरक्षित माहौल कायम रखा जा सके।