पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-3 ने मनसा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित पटियाला मंदिर में महिला के हाथ से करीब 3 तोले का सोने का कड़ा चोरी करने के मामले में पंजाब की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संगरूर निवासी 70 वर्षीय लक्ष्मी कौर और मलेरकोटला निवासी 58 वर्षीय कर्मजीत कौर के रूप में हुई है। दोनों को जीरकपुर क्षेत्र से काबू किया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 मार्च 2026 को सेक्टर-4 पंचकूला निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मंदिर में भंडारा लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान महिला के हाथ से सोने का कड़ा चोरी हो गया। शिकायत पर थाना मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में केस दर्ज किया गया।
जांच में दोनों महिलाओं सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अदालत ने दोनों को *2 दिन के पुलिस रिमांड* पर भेजा है।
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी कौर के खिलाफ चोरी, नशा और शराब तस्करी से जुड़े करीब 10 मामले, जबकि कर्मजीत कौर पर हेरोइन तस्करी और चोरी के 4 केस पहले से दर्ज हैं। चोरी का कड़ा बरामद करने और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।