डेराबस्सी : मरीजों की सुविधा बढ़ाने और अस्पताल के कामकाज को अधिक डिजिटल बनाने के उद्देश्य से डॉक्टर्स मेडिकल एसोसिएशन ने सिविल अस्पताल डेराबस्सी को एक कंप्यूटर दान किया। इस मौके पर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सीनियर मेडिकल ऑफिसर (एसएमओ) डॉ. धर्मेंद्र सिंह को कंप्यूटर सौंपा।
कार्यक्रम में डॉक्टर्स मेडिकल एसोसिएशन के प्रधान डॉ. संजय अत्री, सीनियर उपप्रधान डॉ. रवीना श्री, सचिव डॉ. प्रभाकर और कैशियर डॉ. परमजीत मान सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सिविल अस्पताल की ओर से एसएमओ डॉ. धर्मेंद्र सिंह व अस्पताल स्टाफ ने उनका स्वागत किया।
डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 500 से 700 मरीज पहुंचते हैं। मरीजों का रिकॉर्ड रखने, दवाओं के स्टॉक, ऑनलाइन रिपोर्ट और आयुष्मान भारत योजना से संबंधित कार्यों के लिए कंप्यूटर की जरूरत थी। नया कंप्यूटर मिलने से अस्पताल के काम में तेजी आएगी और मरीजों को भी सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से पहले भी अस्पताल को लगातार सहयोग मिलता रहा है। कोविड के दौरान मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराने से लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए दवाओं की व्यवस्था करने तक एसोसिएशन ने योगदान दिया है। उन्होंने कंप्यूटर देने के लिए पूरी एसोसिएशन का आभार जताया।
आगे भी अस्पताल का सहयोग करेंगे: डॉ. अत्री
एसोसिएशन के प्रधान डॉ. संजय अत्री ने कहा कि सिविल अस्पताल क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। निजी डॉक्टरों का भी दायित्व है कि वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन समाजसेवा के कार्यों में आगे भी सक्रिय रहेगी और अस्पताल को जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
सचिव डॉ. प्रभाकरण ने बताया कि आने वाले दिनों में एसोसिएशन की ओर से सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर और मुफ्त मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित करने की भी योजना है। कार्यक्रम के अंत में एसएमओ डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने एसोसिएशन के सदस्यों को सम्मानित कर उनके प्रयास की सराहना की।
फोटो कैप्शन: सिविल अस्पताल डेराबस्सी को कंप्यूटर सौंपते डॉक्टर्स मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य।