जीरकपुर : आरटीओ विभाग की कार्रवाई और लाखों रुपये के चालान के बावजूद जीरकपुर की सड़कों पर कुछ बस ऑपरेटरों की मनमानी थमती नजर नहीं आ रही है। शहर की सड़क पर दौड़ती एक बस की तस्वीर ने यात्री सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस की छत पर बड़ी मात्रा में सामान लदा दिखाई दे रहा है। साइकिल, बोरे और अन्य सामान के साथ कुछ लोग भी छत पर खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि बस के अंदर भी यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि चलती बस को अचानक ब्रेक लगाना पड़े या बस किसी हादसे का शिकार हो जाए तो छत पर मौजूद लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होगी। भारी सामान भी गिरकर सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है।
14 वाहनों के कटे थे 3.57 लाख के चालान
हाल ही में आरटीओ विभाग ने जीरकपुर में कार्रवाई करते हुए 14 वाहनों के कुल 3.57 लाख रुपये के चालान किए थे। इस दौरान रॉन्ग पार्किंग के साथ टैक्स संबंधी नियमों का उल्लंघन कर चल रही बसों पर भी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद इस तरह की तस्वीर सामने आना विभागीय कार्रवाई के असर पर सवाल खड़ा करता है।
चालान से आगे कब बढ़ेगी कार्रवाई?
व्यस्त सड़कों पर छत पर भारी सामान और लोगों को लेकर बसों का दौड़ना किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। ऐसे में अब सवाल सिर्फ नियम तोड़ने वाली बसों के चालान का नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी है। लगातार उल्लंघन करने वाले बस ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो चालान की कार्रवाई महज औपचारिकता बनकर रह जाने का खतरा है।
फोटो कैप्शन: जीरकपुर की सड़क पर छत पर भारी सामान और लोगों को लेकर जाती बस।