‘मान के मुनाफे’ अभियान के तहत डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने गांव भगवासी में घर-घर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने परिवारों से सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ और घरेलू बजट पर पड़े असर को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित कई मुद्दों पर ग्रामीणों से चर्चा की गई और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई।

लालड़ू : ‘मान के मुनाफे’ अभियान के तहत डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा शुक्रवार को गांव भगवासी में सरकार के साढ़े चार साल के कामकाज का लेखा-जोखा लेकर लोगों के घरों तक पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर परिवारों से बातचीत की और सरकार की विभिन्न योजनाओं से उन्हें मिले लाभ तथा घरेलू बजट पर पड़े असर को लेकर फीडबैक लिया।

रंधावा ने ग्रामीणों से बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि अभियान का मकसद केवल सरकार की योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि जिन परिवारों तक इनका लाभ पहुंच रहा है, उनसे सीधे यह जानना भी है कि इनका उनके जीवन और घरेलू खर्च पर कितना असर पड़ा है।

विधायक ने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनना और सरकारी योजनाओं को लेकर उनका अनुभव जानना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। लोगों से मिलने वाला फीडबैक सरकार तक पहुंचाने से योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति भी सामने आती है।

ग्रामीणों से योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर की चर्चा

घर-घर संपर्क के दौरान रंधावा ने ग्रामीणों से स्थानीय स्तर की समस्याओं पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बिजली तथा रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने गांववासियों की ओर से मिले सहयोग और विश्वास के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर गांव के सरपंच विक्रम मेहता, पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रधान, ब्लॉक समिति सदस्य, मार्केट कमेटी चेयरमैन कुलदीप सिंह, आसपास के गांवों के सरपंच तथा आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फोटो कैप्शन: गांव भगवासी में ‘मान के मुनाफे’ अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों से बातचीत करते विधायक कुलजीत सिंह रंधावा।