किशनपुरा गांव से सनौली को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली से आसपास की दर्जनों सोसायटियों में रहने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कत होती है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों के गिरने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।

जीरकपुर: किशनपुरा गांव से सनौली को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली ने आसपास की दर्जनों सोसायटियों में रहने वाले हजारों लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर इतने गड्ढे हो चुके हैं कि वाहन चालकों के लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच सड़क बची है। बारिश होने के बाद इनमें पानी भर जाता है और गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दोपहिया वाहन चालकों के गिरने तथा वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की हालत पिछले कई महीनों से खराब है। इस मार्ग का इस्तेमाल आसपास की दर्जनों सोसायटियों के निवासी रोजाना करते हैं। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक अचानक दाएं-बाएं वाहन मोड़ते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर का खतरा बना रहता है। रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है।

गड्ढों के साथ ऊंचे मेनहोल बने दोहरी मुसीबत

लोगों के मुताबिक सड़क पर सीवरेज के कई मेनहोल सड़क की सतह से काफी ऊंचे हैं। एक तरफ गहरे गड्ढे और दूसरी तरफ ऊंचे मेनहोल वाहन चालकों के लिए दोहरी परेशानी बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी मरम्मत शुरू नहीं हुई।

संजीव बंसल, विशेष शर्मा, संजीव कालरा, तजिंदर शर्मा, प्रमोद कुमार, पवन शर्मा, अमरदीप सरदाना, पाला राम, प्रीति पटवा, महिंदर, प्रियंका और विकास गोयल ने नगर परिषद से सड़क की तत्काल मरम्मत करवाने के साथ सीवरेज मेनहोल को सड़क के स्तर पर करने की मांग की है।

‘हादसे का इंतजार करने के बजाय सड़क ठीक करवाए परिषद’

स्थानीय निवासी विशेष शर्मा ने कहा कि बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का पता नहीं चलता। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तुरंत सड़क की मरम्मत करवानी चाहिए।

लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो वे नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

फोटो कैप्शन: किशनपुरा-सनौली मार्ग पर बने गहरे गड्ढे और उनमें भरा पानी, जिससे रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।