होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : जिला चुनाव कार्यालय, होशियारपुर में तैनात चुनाव कानूनगो डॉ. दीपक कुमार और हरप्रीत कौर के तहसीलदार चुनाव पद पर पदोन्नत होने पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने दोनों अधिकारियों द्वारा लंबे समय तक ज़िले में निभाई गई जिम्मेदारियों और सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और समर्पण ने चुनावी कार्यों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पदोन्नति किसी भी कर्मचारी की मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अधिकारी अपने नए दायित्वों का भी पूरी लगन और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से पदोन्नति के उपरांत डॉ. दीपक कुमार को फिरोजपुर में तहसीलदार चुनाव तथा हरप्रीत कौर को एस.ए.एस. नगर में तहसीलदार चुनाव के पद पर नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर जिला चुनाव कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों अधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की तथा नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं प्रदान की। कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि दोनों अधिकारी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से नए स्थानों पर भी बेहतर सेवाएं प्रदान करेंगे।