भारतीय रेलवे ने सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया, अंबाला मंडल में कवच सिस्टम लागू

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu): Indian Railways ने रेलवे सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल में ‘कवच’ प्रणाली लागू करने के लिए 201 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। यह परियोजना 811 रूट किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह पहल देशभर में एलटीई आधारित संचार नेटवर्क के साथ ‘कवच’ प्रणाली के विस्तार के व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके तहत अंबाला मंडल के कई अहम रेलखंडों पर यह अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली स्थापित की जाएगी।

परियोजना में अंबाला छावनी-लुधियाना, कालका-चंडीगढ़-न्यू मोरिंडा-साहनेवाल, सरहिंद-दौलतपुर चौक, राजपुरा-बठिंडा-श्रीगंगानगर और लुधियाना-धूरी-जाखल जैसे प्रमुख रेल मार्ग शामिल हैं। ये कॉरिडोर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच यात्री और माल परिवहन के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

‘कवच’ भारतीय रेलवे द्वारा विकसित स्वदेशी ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) प्रणाली है, जो सिग्नल पासिंग एट डेंजर (SPAD) जैसी घटनाओं को रोकने, आवश्यकता पड़ने पर स्वतः ब्रेक लगाने और ट्रेनों की गति नियंत्रित करने में सक्षम है। इससे टक्कर की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

रेलवे का कहना है कि उच्च घनत्व और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मार्गों पर ‘कवच’ प्रणाली का विस्तार सुरक्षा, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार किया जा रहा है। अंबाला मंडल की यह परियोजना इसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।