अमृतसर (Narendra Singh Danu) : Sri Guru Ram Dass Jee International Airport पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। इन लाइन एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग सिस्टम और डिगी यात्रा सुविधा शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और पेपरलेस यात्रा का लाभ मिल रहा है।
अब सामान की स्क्रीनिंग होगी सीधे कन्वेयर बेल्ट पर
एयरपोर्ट पर शुरू किए गए इन लाइन एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग सिस्टम (ILBS) के तहत यात्रियों को अब चेक-इन काउंटर पर पहुंचने से पहले अलग से एक्स-रे मशीन पर सामान ले जाने की जरूरत नहीं होगी। सामान की जांच सीधे कन्वेयर बेल्ट पर ही हो जाएगी, जिससे समय की बचत होगी और भीड़ भी कम होगी।
डिगी यात्रा से पेपरलेस ट्रैवल
मई माह से एयरपोर्ट पर DigiYatra सुविधा भी शुरू हो चुकी है। इस प्रणाली के जरिए यात्री फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग कर बिना कागजी दस्तावेज दिखाए यात्रा कर सकते हैं। वर्तमान में करीब 8 से 10 प्रतिशत यात्री इस सुविधा का उपयोग कर रहे हैं।
घरेलू यात्रियों को मिलेगा समर्पित एयरोब्रिज मार्ग
एयरपोर्ट प्रशासन ने घरेलू यात्रियों के लिए आगमन पर एयरोब्रिज तक समर्पित रास्ता बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और अगले छह माह में कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इससे घरेलू यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
नई उड़ानों के लिए एयरलाइंस से बातचीत
एयरपोर्ट निदेशक भूपेंद्र सिंह के अनुसार एयरपोर्ट की वार्षिक क्षमता 41 लाख यात्रियों की है और यहां एक समय में 25 विमानों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि घरेलू कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए Akasa Air और Star Air के साथ बातचीत चल रही है। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए British Airways समेत अन्य एयरलाइंस से भी संपर्क किया गया है।
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था होगी बेहतर
एयरपोर्ट के पिकअप-ड्रॉप क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए फोर-लेन ट्रैफिक सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक मंजूरी मिल चुकी है और अगले कुछ महीनों में कार्य शुरू होने की संभावना है।
कार्गो क्षमता बढ़ाने पर जोर
एयरपोर्ट के पास उत्तर भारत की प्रमुख कार्गो सुविधाओं में से एक मौजूद है। यहां नाशवान वस्तुओं के भंडारण की भी व्यवस्था है। उज्बेकिस्तान समेत अन्य देशों के लिए कार्गो सेवाएं बढ़ाने की दिशा में प्रयास जारी हैं। घरेलू कार्गो के सुरक्षा अनुमोदन मिलने के बाद इस क्षेत्र में और विस्तार की उम्मीद है।
इमिग्रेशन प्रक्रिया हुई तेज
यात्रियों की शिकायतों को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने इमिग्रेशन और यात्री सुविधाओं में सुधार किया है। एयरपोर्ट पर 10 इमिग्रेशन काउंटर संचालित हैं। इसके अलावा Trusted Traveller Programme (TTP) के तहत पात्र यात्रियों को फेस स्कैनिंग के जरिए तेज इमिग्रेशन क्लियरेंस की सुविधा भी मिल रही है।
पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने से असर
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि भारत-पाकिस्तान तनाव के बाद सभी उड़ानें दोबारा बहाल हो चुकी हैं, लेकिन पाकिस्तान के एयरस्पेस बंद रहने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लंबा मार्ग अपनाना पड़ रहा है। ईरान क्षेत्र में बढ़े तनाव का असर भी यूरोप और खाड़ी देशों की उड़ानों पर पड़ा है।
27 एकड़ भूमि पर व्यावसायिक विकास की तैयारी
एयरपोर्ट परिसर में मौजूद 27 एकड़ सिटी-साइड भूमि के व्यावसायिक उपयोग की योजना भी तैयार की गई है। इसमें मैरिज पैलेस, बिजनेस हब और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के प्रस्ताव मुख्यालय को भेजे गए हैं। अमृतसर में डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते चलन को देखते हुए इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं।