ट्रैफिक नियमों की अनदेखी महंगी पड़ी, 10 दिन में 87 हजार से ज्यादा चालान

जयपुर: राजस्थान में यातायात नियमों की सख्त पालना सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष महाअभियान के तहत पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। 4 से 13 जून के बीच प्रदेशभर में 87,945 वाहनों और चालकों के खिलाफ दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई की गई।

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के निर्देशन में चल रहे इस अभियान की जानकारी देते हुए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि सबसे ज्यादा कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के विपरीत काली फिल्म लगे वाहनों और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों पर की गई।

अभियान के दौरान काली फिल्म वाले 33,918, अनाधिकृत शब्द/चिन्ह लिखे 12,094, गलत नंबर प्लेट वाले 22,630, वाहन संरचना में अवैध बदलाव करने वाले 8,490, अवैध लाल-नीली बत्ती/हूटर वाले 6,097 और प्रेशर/एयर हॉर्न वाले 4,716 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

शनिवार को ही एक दिन में 8,750 वाहनों पर कार्रवाई दर्ज की गई, जिनमें काली फिल्म, अवैध नंबर प्लेट, हूटर और प्रेशर हॉर्न जैसे उल्लंघन प्रमुख रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों पर पद, जाति या प्रभाव दर्शाने वाले शब्द लिखना, काली फिल्म लगाना या हूटर-फ्लैशर का उपयोग करना कानूनन अपराध है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।