गुरदासपुर में मतदान प्रभावित, दो बूथों पर कल फिर से वोटिंग

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर नगर परिषद चुनाव में तकनीकी खराबी के कारण बाधित हुई मतदान प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अब वार्ड नंबर 6 के बूथ नंबर 9 पर 15 जून को पुनर्मतदान कराया जाएगा। यह निर्णय राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद लिया गया है।

जिला चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त आदित्य उप्पल ने बताया कि 13 जून को मतदान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसके चलते मतों की सही गणना संभव नहीं हो सकी।

प्रशासन के अनुसार, मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद पहली मशीन में खराबी आ गई थी। इसके बाद तत्काल दूसरी मशीन लगाकर शेष मतदान प्रक्रिया पूरी करवाई गई। हालांकि, मतदान समाप्ति के बाद जब दोनों मशीनों के मतों को जोड़कर परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हुई, तब पहली मशीन की डिस्प्ले काम नहीं करने के कारण उसमें दर्ज वोटों का आंकड़ा प्राप्त नहीं हो पाया।

इस स्थिति में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मामले की रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को भेजी गई। आयोग ने समीक्षा के बाद संबंधित बूथ पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया।

प्रशासन ने बताया कि पुनर्मतदान के लिए सभी तकनीकी और सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मतदान 15 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जिसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। अब वार्ड नंबर 6 के उम्मीदवारों और मतदाताओं की नजरें पुनर्मतदान के नतीजों पर टिकी हैं।