लखनऊ: मानव सेवा और परोपकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए इंडियन हेल्पलाइन सोसाइटी द्वारा संचालित ‘बृज की रसोई’ की ओर से रविवार को आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन, शीतल शरबत और केला वितरण सेवा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गरीबों, असहायों, दिहाड़ी मजदूरों, बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों सहित 2000 से अधिक जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा नीम करोली जी महाराज के स्मरण और सेवा संकल्प के साथ किया गया। संस्था के स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण भाव से भोजन वितरण किया और समाज को यह संदेश दिया कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा मानव धर्म है।
संस्था से जुड़े पप्पू कुमार सिंह ने कहा कि ‘बृज की रसोई’ गरीबों, असहायों और श्रमिकों के लिए मानवता का सहारा बनकर काम कर रही है। जालिम सिंह ने बताया कि सेवा कार्य के तहत बड़ी संख्या में लोगों को पौष्टिक भोजन, शरबत और केले वितरित किए गए। बलवंत सिंह ने समाज के सक्षम वर्ग से अपील की कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का सबसे सरल माध्यम सेवा है। जब समाज का सक्षम वर्ग जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील होता है, तभी एक समरस और मजबूत समाज का निर्माण होता है। उन्होंने दानदाताओं, स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि बृज की रसोई भविष्य में भी सेवा और मानव कल्याण के कार्य जारी रखेगी।
इस अवसर पर सी.एच. तिवारी, दीपक भुटियानी, संजय श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, राजीव कुमार पटेल, आशीष श्रीवास्तव, अनिल सिंह, विनोद मिश्रा, मुकेश कनौजिया, अखिलेश सिंह, उमाशंकर यादव और गोविंद सिंह ठाकुर सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।