होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : आज शिव भक्तों का एक जत्था गगन जी का टीला स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के चरणों में माथा टेकते हुए समस्त मानवता के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
यह धार्मिक यात्रा शिव भक्त समाज के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें समाजसेवी मुकेश रंजन, पवन वर्मा, बिट्टू वर्मा तथा उनके सहयोगियों के साथ मॉर्निंग ग्रुप के सदस्य डॉ. सुरजीत ऐरी की अध्यक्षता में मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान शिव का पूजन किया और समाज में भाईचारे तथा सद्भावना के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डेरा बाबा हरिदास जुग्याल के पूजनीय बाबा मस्तानंद जी ने विशेष रूप से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने सभी को धर्म, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी रमन डोगरा जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।