मोहाली: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से विश्वास फाउंडेशन द्वारा प्रॉप निवेश एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, एसएएस नगर के सहयोग से एयरोसिटी, मोहाली स्थित एरो आर्केड के सामने एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, समाजसेवियों एवं जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
शिविर के दौरान कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार हेतु ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा गया। रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की निगरानी में सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर रमन जुनेजा एवं विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने संयुक्त रूप से कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि शिविर में लोगों का उत्साह और सहयोग सराहनीय रहा तथा 40 यूनिट रक्त का संग्रह समाज की संवेदनशीलता और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और इस जीवनदायी अभियान का हिस्सा बनें।
रमन जुनेजा एवं साध्वी नीलिमा विश्वास ने सभी रक्तदाताओं, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, सहयोगी संस्थाओं, मेडिकल टीम, स्वयंसेवकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज का उपचार प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके लिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सुनील सुखीजा, संजय चड्ढा, रघु गर्ग, मुकेश चौहान (मीडिया मंत्रा पीआर एंड एडवरटाइजिंग), डॉ. सरबजीत कौर, संजीव बत्ता सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजकों ने कहा कि विश्वास फाउंडेशन भविष्य में भी जनहित, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ-साथ समाज में सेवा भाव को और अधिक मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से शिशुपाल पठानिया, अनिरुद्ध पठानिया व पवन सिंह उपस्थित रहे।