पंचकूला: विश्व रक्तदाता दिवस के शुभ अवसर पर गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से विश्वास फाउंडेशन द्वारा इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा पंचकूला के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में रक्त की कमी को पूरा करना और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर जीवनदान देना है। इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस 2026 की वैश्विक थीम मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं के तहत लोगों को जागरूक किया गया। इस रक्तदान शिविर में विशेषकर विश्वास फाउंडेशन डगशाई हिमाचल प्रदेश से ऋषि कुमार भी रक्तदान करने के लिए पहुंचे और भारी संख्या में विश्वास फाउंडेशन साधकों, देवियों व आनुयाईओं ने रक्तदान किया।
विश्वास फाउंडेशन की जॉइन्ट सेक्रेटरी ऋषि सरल विश्वास ने बताया कि पंचकूला के सेक्टर-9 स्थित बीकेएम विश्वास स्कूल में सुबह 10:00 बजे शिविर का शुभारंभ हुआ और दोपहर बाद 3 बजे तक चला। इसका उद्घाटन विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास, मुख्य अतिथि पंचकूला नगर निगम के मेयर शाम लाल बंसल, पार्षद वार्ड नंबर 4 से भारत हितेशी, पार्षद वार्ड नंबर 11 से अनुराधा पूरी, ओम प्रकाश देवी नगर, सुरेन्द्र कुमार बंसल, तेजपाल गुप्ता, राजेन्द्र गुलाटी, सचिव इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी सविता अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया और मेयर द्वारा डोनर्स को बैज लगाकर हौंसला अफजाई भी की गई। रक्तदान शिविर में पंचकूला प्रशासन से जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉक्टर विशाल सैनी ने भी रक्तदान किया और एनएसजी ग्रुप से भी कुछ डोनर्स ब्लड डोनेट करने के लिए पहुंचे।
मुख्य अतिथि मेयर शाम लाल बंसल ने बताया कि लोगों द्वारा रक्त दान करने से दिल की सेहत में सुधार, दिल की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे को कम माना जाता है। खून में आयरन की ज्यादा मात्रा दिल के दौरे के खतरे को बढ़ा सकती है नियमित रूप से रक्तदान करने से आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित हो जाती है। जो दिल की सेहत के लिए अच्छी है और उन्होंने विश्वास फाउंडेशन द्वारा किया समाज के प्रति किए जा रहे सेवा कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की।
अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने संदेश दिया कि अस्पतालों में रक्त की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति की जान नहीं जानी चाहिए। रक्तदान न केवल किसी मरीज को नया जीवन देता है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वयं के स्वास्थ्य हृदय रोग के जोखिम को कम करने और रक्त संचार सुधारने के लिए भी बेहद लाभकारी है। ब्लड बैंक पी जी आई चंडीगढ़ की टीम से डॉक्टर अनुभव और पारामेडिकल स्टाफ की कुशल देखरेख में पूरी सुरक्षा और स्वच्छता के साथ 71 यूनिट्स रक्त एकत्र किया गया। शिविर में 85 डोनर्स ने रक्तदान करने के लिए पंजीकृत करवाया। 14 को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से रक्तदान करने के लिए डाक्टरों द्वारा मना कर दिया गया। सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को विश्वास फाउंडेशन की ओर से बैज, उपहार और प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके लिए रिफ्रेशमेंट की विशेष व्यस्था की गई थी।
विश्वास फाउंडेशन ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने के लिए सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों की टीम व संस्था के सभी कार्यकर्ताओं का दिल की गहराईओं से आभार व्यक्त किया।