विमान हादसे के बाद राजनाथ सिंह और प्रियंका गांधी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना के AN-32 परिवहन विमान हादसे में शहीद हुए पांच वायु योद्धाओं को देशभर से श्रद्धांजलि दी जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि देश उनके साहस और सेवा को सदैव गर्व और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

“देश हमेशा ऋणी रहेगा”

प्रियंका गांधी ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि देश अपने वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सदैव ऋणी रहेगा।

अन्य नेताओं ने भी जताया शोक

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी शहीद वायु योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।

यह हादसा पूरे देश के लिए गहरी क्षति है और शोक की इस घड़ी में देश शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है।