हरियाणा में 13 हजार से अधिक बिजली खंभे क्षतिग्रस्त, मरम्मत कार्य जारी

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : हरियाणा में पिछले दो दिनों में आए आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। राज्यभर में 13,277 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने हालात का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए और उपभोक्ताओं को त्वरित राहत दी जाए।

राज्यभर में बड़े स्तर पर नुकसान

विभाग के अनुसार, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के 2,791 और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के 10,486 खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। आंधी-तूफान के कारण 233 गांवों और 842 फीडरों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

मैदान में उतरीं विशेष टीमें

बिजली बहाली के लिए 1,552 कर्मचारियों की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। इनमें UHBVN के 620 और DHBVN के 932 कर्मचारी शामिल हैं, जो बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य ढांचे की मरम्मत में जुटे हैं।

अधिकांश क्षेत्रों में बहाली, शेष पर काम जारी

विभाग के अनुसार, त्वरित कार्रवाई के चलते अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी प्रभावित इलाकों में तेजी से कार्य जारी है।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बिजली आपूर्ति जल्द पूरी तरह सामान्य हो सके।