गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने एमपी में अवैध हथियार निर्माण का नेटवर्क तोड़ा

गुरुग्राम (Narendra Singh Danu) : गुरुग्राम क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 ने अंतर्राज्यीय अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश में चल रही हथियार बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में हथियार खरीददार, सप्लायर, दलाल और फैक्ट्री संचालक सहित पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।

पिस्टल के साथ आरोपी से खुली परतें

पुलिस के अनुसार, 29 मई को सेक्टर-15 क्षेत्र से योगेश उर्फ हर्ष को तीन देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने हथियार सप्लाई करने वाले जसबीर का नाम उजागर किया।

MP से पकड़ा गया हथियार निर्माता

पुलिस ने 9 जून को जसबीर (मैनपुरी) और हथियार बनाने वाले जगत सिंह (धार, मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि जगत सिंह पिछले 30 साल से अवैध हथियार बनाने का धंधा कर रहा था।

पहाड़ियों में चल रही थी फैक्ट्री

आरोपी की निशानदेही पर धार जिले के सिंघाना गांव की पहाड़ियों में बनी फैक्ट्री से तीन पिस्टल, मैगजीन और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए।

देशभर में होती थी सप्लाई

जगत सिंह 15-20 हजार रुपये में हथियार तैयार कर राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 13 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से हथियार खरीदने से लेकर सप्लाई चेन तक पूरा नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।