सोनीपत में नीट परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी, 8 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित

सोनीपत (Narendra Singh Danu) : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।

जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2569 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

कड़े सुरक्षा इंतजाम और मॉक ड्रिल

उपायुक्त ने बताया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रॉन्ग रूम में कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और पुलिस बल तैनात रहेगा। 20 जून को मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी, जिसमें जैमर और कैमरों की कार्यक्षमता भी परखी जाएगी।

हर केंद्र पर नोडल अधिकारी तैनात

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रशासन और पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे। साथ ही जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

सुविधाएं और स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार

केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रखा गया है और प्रत्येक केंद्र के पास एम्बुलेंस व मेडिकल टीम तैनात रहेगी।

ड्रेस कोड और जरूरी निर्देश

परीक्षार्थियों को आधी बांह के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। खुली चप्पल, सैंडल या कम एड़ी के जूते पहन सकते हैं। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, गहने, घड़ी, बेल्ट, बैग आदि प्रतिबंधित रहेंगे। केवल एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी।

प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुचारू ढंग से सुनिश्चित किया जाए।