नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें विकसित भारत की मजबूत नींव बताया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय युवा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विनिर्माण, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और ड्रोन जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और वैश्विक स्तर पर देश की पहचान मजबूत कर रहे हैं।
नवाचार और तकनीक में आगे बढ़ रहे युवा
उन्होंने कहा कि देश के युवा नवाचार और तकनीक आधारित क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं, जो भारत के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।
खेल जगत में भी बढ़ा भारत का गौरव
प्रधानमंत्री ने खेल क्षेत्र में युवाओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है।
बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से बढ़े अवसर
उन्होंने कहा कि खेलों के लिए बेहतर पारिस्थितिकी तंत्र, आधुनिक बुनियादी ढांचे और बढ़ते सहयोग के कारण युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं, जिससे वे खेलों को करियर के रूप में अपना रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत की युवा शक्ति आने वाले वर्षों में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी।