भारत-फ्रांस साझेदारी को मजबूती, ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्घाटन 14 जून को

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 14 जून को फ्रांस के नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन भारत के डीप-टेक स्टार्टअप और नवाचार क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, कार्यक्रम में भारत के 120 नवप्रवर्तक, 15 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थान और 500 से ज्यादा वैश्विक निवेशक, कॉरपोरेट कंपनियां, वेंचर कैपिटल फर्म और उद्योग जगत के शीर्ष अधिकारी भाग लेंगे।

13 प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस

सम्मेलन में एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव-प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण सहित 13 अहम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल

कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद के शामिल होने की संभावना है।

वैश्विक निवेश और साझेदारी पर जोर

मंत्रालय के मुताबिक, ‘भारत इनोवेट्स 2026’ भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने का मंच बनेगा। इस दौरान डीप-टेक, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप विस्तार और सीमा-पार निवेश को लेकर कई अहम समझौते और घोषणाएं हो सकती हैं।

भारत-फ्रांस सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

यह आयोजन भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत फरवरी 2026 में मुंबई में हुई थी। कार्यक्रम से दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग, सह-विकास परियोजनाओं और वैश्विक स्तर पर भारतीय नवाचारों के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

यह पहल भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।