हिसार (Narendra Singh Danu) : हांसी पुलिस की एवीटी टीम ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ दीपू, आंचल और मीनाक्षी के रूप में हुई है। दीपक जींद जिले के किला जफरगढ़ गांव का रहने वाला है, जबकि अन्य आरोपी बरवाला के निवासी हैं।
चोरी की वारदात ऐसे हुई
पुलिस के अनुसार, 8 जून को ज्वैलर्स सुबे सिंह की दुकान पर चार लोग पहुंचे और आभूषण दिखाने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान उन्होंने चार जोड़ी सोने के कुंडल और चार सोने की नाक की तीलियां चोरी कर लीं और मौके से फरार हो गए।
CCTV और तकनीक से पकड़े गए आरोपी
एवीटी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। तीनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।