15 जून तक स्व-गणना का अवसर, नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील

मंडी (Narendra Singh Danu) : जनगणना 2027 के तहत पहली बार शुरू की गई डिजिटल स्व-गणना सुविधा को लेकर प्रशासन ने नागरिकों से आगे आने की अपील की है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं सहायक जनगणना अधिकारी मंडी सदर रुपिंदर कौर ने लोगों से 15 जून तक इस प्रक्रिया को पूरा करने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण कर आवश्यक विवरण भरना होगा, जिसके बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी।

सरल और पारदर्शी प्रक्रिया

एसडीएम ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और पारदर्शी है। इससे नागरिकों को सुविधा मिलेगी और सटीक आंकड़ों के जरिए सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

न करने पर घर-घर पहुंचेगी टीम

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो परिवार स्व-गणना नहीं करेंगे, उनके लिए जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इसके बावजूद लोगों को डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा से पहले स्व-गणना पूरी कर जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग करें।