कलायत (रवि जैस्ट) : बृहस्पतिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति दो छोटी बच्चियों को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गया, लेकिन वह उन्हें तय स्थान की बजाय करीब 18 किलोमीटर दूर ले गया। रास्ते में मौका मिलते ही बच्चियों ने शोर मचा दिया, जिस पर ग्रामीणों ने संदेह होने पर आरोपी को पकड़ लिया और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां अपनी नानी के घर आई हुई थीं। उनकी मौसी पहले ही रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी थी। नानी ने बच्चियों के मामा को उन्हें स्टेशन छोड़ने के लिए फोन किया था, लेकिन उसके आने में देरी हो रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से नानी ने बच्चियों को रेलवे स्टेशन छोड़ने का आग्रह किया। स्टेशन की दूरी करीब एक से डेढ़ किलोमीटर थी, लेकिन आरोपी उन्हें लेकर दूसरी दिशा में निकल गया।
बच्चियों ने बताया कि रास्ते में उन्होंने कई बार बाइक रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए चुप रहने को कहा। गांव सीनंद के पास सामने से आ रहे वाहन के कारण जैसे ही बाइक रुकी तो बच्चियों ने शोर मचा दिया। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाइक सवार को पकड़कर पुलिस व बच्चियों के परिजनों को सूचना दी।
घटना के बाद ग्रामीणों और बच्चियों के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अमन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्चियों को लेकर जाने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।