कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यमुनानगर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 टीमों ने संभाला मोर्चा

यमुनानगर: जिले में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने गुरुवार तड़के आजाद नगर कॉलोनी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल ने पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया और संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली। अभियान का नेतृत्व डीएसपी आशीष चौधरी ने किया।

15 विशेष टीमें और डॉग स्क्वायड रहे शामिल

'मिशन मैदान' के तहत चलाए गए इस विशेष अभियान में 15 पुलिस टीमों के साथ डॉग स्क्वायड को भी शामिल किया गया। पुलिस ने कॉलोनी के कई मकानों में पहुंचकर कमरों, स्टोर, अलमारियों और अन्य संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई।

अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक मकानों की तलाशी ली गई। पुलिस ने क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों की भी जांच की और दस्तावेजों का सत्यापन किया। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं मिले, उनके वाहनों को नियमानुसार जब्त कर लिया गया।

तड़के कार्रवाई से इलाके में मची हलचल

सुबह-सुबह बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से कॉलोनी में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की गंभीरता का स्पष्ट संदेश गया है।

कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली

पुलिस अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान कोई अवैध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। हालांकि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की गई हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है।

आगे भी जारी रहेंगे अभियान

डीएसपी आशीष चौधरी ने कहा कि जिले को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।