हरियाणा सरकार की पहल, मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : हरियाणा सरकार ने पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता ने सभी जिलों के उपायुक्तों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में उन्होंने कहा कि 20 जून तक चलने वाले विशेष प्रचार एवं जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियां तय करें और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक में डॉ. अमित अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस दौरान मीडिया संवाद, जनसंपर्क कार्यक्रम और प्रदर्शनी जैसे आयोजन किए जाएंगे।

सरकार की योजना के तहत मंत्री, सांसद और विधायक विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और विकास कार्यों व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। जिला मुख्यालयों पर ‘प्रगति पथ’ प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और परियोजनाओं को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा।

अरूण गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल उपलब्धियों का प्रचार करना नहीं, बल्कि लोगों की भागीदारी बढ़ाना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है।