भोपाल (Narendra Singh Danu) : अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो को दिल्ली स्थित AIIMS New Delhi की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सौंपी गई है, जिसके बाद एजेंसी ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है।
मृतका के अधिवक्ता अंकुर पांडेय के अनुसार, एम्स के विशेषज्ञों द्वारा तैयार रिपोर्ट का फिलहाल गहन अध्ययन किया जा रहा है और इसे जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। अदालत के निर्देशों के आधार पर ही आगे की जांच की दिशा तय होगी।
सूत्रों के मुताबिक, जांच का फोकस अब गर्भधारण, गर्भपात और मौत के बीच के घटनाक्रम को समझने पर है। इसके लिए पारिवारिक हालात, फोन रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा चुका है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
रिपोर्ट के निष्कर्षों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि शरीर पर मिले चोट के निशान और गर्भपात से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला द्वारा किए गए क्राइम सीन री-क्रिएशन और डमी टेस्ट की रिपोर्ट का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला आत्महत्या, उकसावे या साजिश से जुड़ा है।
प्रारंभिक जांच में लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। कटारा हिल्स थाने के तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा पर साक्ष्य (लिगेचर बेल्ट) समय पर मेडिकल टीम को न सौंपने का आरोप है। इस पर विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल, मामले में मृतका के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह न्यायिक हिरासत में हैं। दोनों पर दहेज उत्पीड़न, आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप हैं। जांच एजेंसी डिजिटल साक्ष्यों—मोबाइल, लैपटॉप और डिलीट डेटा—की भी पड़ताल कर रही है, जिससे केस की अहम कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।