नई दिल्ली (Narendra Singh Danu): दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। ताजा मामले में बांग्लादेश की 38 वर्षीय महिला रिहाना ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह घटना के बाद से AIIMS Trauma Centre में भर्ती थीं।
पुलिस के मुताबिक 3 जून को आग लगने के दौरान जान बचाने की कोशिश में रिहाना इमारत की ऊपरी मंजिल से कूद गई थीं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया जा रहा है कि रिहाना इलाज के लिए भारत आई थीं और उसी गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थीं, जहां आग लगी। घटना के समय उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिनमें से दो अभी भी उपचाराधीन हैं।
यह हादसा राजधानी के हालिया वर्षों के सबसे बड़े अग्निकांडों में शामिल है। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। दमकल विभाग और बचाव एजेंसियों ने कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
इससे पहले एक नाइजीरियाई नागरिक की भी उपचार के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य घायल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।