जम्मू-कश्मीर की सियासत में बयानबाजी, सकीना इट्टू ने महबूबा और दरख्शां अंद्राबी की आलोचना की

कुलगाम (Narendra Singh Danu) : जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने विपक्षी नेताओं के हालिया श्रीनगर दौरे को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने महबूबा मुफ्ती और दरख्शां अंद्राबी द्वारा AIIMS Srinagar में की गई बैठकों और समीक्षाओं पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उनके पास ऐसा करने का अधिकार क्या है।

मंत्री ने कहा कि जो लोग न तो सरकार में हैं और न ही किसी आधिकारिक पद पर, उन्हें इस तरह की गतिविधियों से बचना चाहिए। उन्होंने इसे “हताशा का संकेत” बताते हुए कहा कि बिना अधिकार के समीक्षा करना उचित नहीं है।

सकीना इट्टू ने स्पष्ट किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार को जनता का जनादेश मिला है और वही लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में प्रशासन राज्य के अहम मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार पिछले 19 महीनों से लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही है और आने वाले समय में इन कोशिशों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी विधायक मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग उठाएंगे।